
नई दिल्ली। यूपी की गोरखपुर और फूलपुर के अलावा बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के बाद मतगणना जारी है। अब तक आए रुझानों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है और दोनों राज्यों की तीनों सीटों पर भाजपा पिछड़ गई है। वहीं बिहार की दो विधानसभा सीटों में से जहानाबाद सीट राजद ने जीत ली है वहीं भभुआ सीट पर भाजपा की रिंकी पांडे विजयी हुईं हैं।
अब तक आए रुझानों के अनुसार फूलपुर में सपा उम्मीदवार नागेंद्र सिंह पटेल ने 33 हजार से ज्यादा वोटों से लीड ले ली है वहीं गोरखपुर सीट पर जारी मतगणना में सपा के उम्मीदवार प्रवीण कुमार निषाद भी लगभग इतने ही वोटों से आगे चल रहे हैं।
इसके अलावा बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर राजद ने बढ़त बना ली है। राजद उम्मीदवार सरफराज आलम 18 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। यूपी और बिहार की लोकसभा सीटों पर आ रहे रुझानों के चलते सपा और बसपा समर्थकों में भारी जोश है और जीत का जश्न शुरू हो चुका है।
गोरखपुर लोकसभा सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है। जबकि, इलाहाबाद की फूलपुर सीट उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है। इन दोनों सीटों पर 11 मार्च को उपचुनाव हुए थे।
गोरखपुर में 43 प्रतिशत व फूलपुर में 37.39 फीसद वोट पड़े थे। भाजपा के लिए यह दोनों ही सीटें प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं। बुधवार को इन दोनों सीटों के परिणाम आ जाएंगे। वहीं आयोग ने उप चुनाव वाली बिहार की तीनों सीट पर भी मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है।
आयोग के निर्देश पर अररिया, जहानाबाद और भभुआ में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। भभुआ और जहानाबाद विस सीट के लिए 10 बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है। जबकि 12 बजे तक अररिया लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आ जाएगा।